आत्मकथा भाग-3 अंश-26
गंगा स्नान
यह हमारा सौभाग्य है कि मेरी पोस्टिंग वाराणसी और कानुपर जैसे स्थानों पर हुई, जहाँ गंगा स्नान की सुविधा उपलब्ध थी। कानपुर में यों तो गंगा जी शहर से होकर बहती हैं, परन्तु गंगा स्नान के लिए कानपुर के लोग प्रायः उससे कुछ ऊपर अर्थात् पश्चिम की ओर बिठूर नामक स्थान पर जाते हैं, जो कि एक तीर्थ (ब्रह्मावर्त) होने के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नानासाहब पेशवा से जुड़ा हुआ ऐतिहासिक स्थान भी है। हम कई बार बिठूर गये थे, जो कानपुर से मात्र 13-14 किमी दूर है। कानपुर के रावतपुर रेलवे स्टेशन के पास से सिटी बसें सीधी बिठूर जाती हैं, जो घाट के बिल्कुल पास ही उतार देती हैं। जब भी हमारे रिश्तेदार कानपुर आते थे, तो हम उनके साथ बिठूर जरूर जाते थे। वहाँ मछलियों की बड़ी संख्या है। उनको चिवड़ा आदि खिलाने मेें आनन्द आता था।
हरिद्वार-मसूरी यात्रा
मैं पहले शिमला और नैनीताल घूम चुका था, परन्तु कभी हरिद्वार नहीं गया था। हरिद्वार जाने की मेरी बड़ी इच्छा थी। इसलिए हमने सन् 2001 की गर्मी की छुट्टियों में वहाँ जाने की योजना बना ली। हमारे मकान मालिक के पुत्र श्री अनिल कुमार सिंह भी अपनी पत्नी डा. रेणु और पुत्री कृति के साथ वहाँ चलने को तैयार हो गये और हमने हरिद्वार जाने और लौटने के लिए गाड़ियों में आरक्षण करा लिया। निर्धारित दिन हम ट्रेन में बैठकर हरिद्वार पहुँच गये।
वहाँ रेलवे स्टेशन पर एक विशेष ट्रेन देखकर अनिल जी चौंक गये। वास्तव में उनके सगे चाचा श्री आर.के. सिंह उस समय रेलवे के महाप्रबंधक थे और उनको विशेष ट्रेन मिली हुई थी। अनिल जी ने पूछताछ की तो पता चला कि वे किसी मीटिंग में शामिल होने हरिद्वार आये हुए हैं। उस समय वे मीटिंग में थे, इसलिए हमें थोड़ी देर इंतजार करना पड़ा। जब मीटिंग समाप्त हुई, तो वे यह जानकर बहुत खुश हुए कि हम हरिद्वार-मसूरी घूमने आये हैं। उन्होंने हमारे ठहरने के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन और बाद में देहरादून रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था कर दी और कैंटीन वालों को भी हमारा ध्यान रखने का आदेश दे दिया। हम उनकी विशेष ट्रेन को भी भीतर से देखने गये। हमें यह देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि उनके डिब्बे में वे सारी सुविधायें थीं, जो किसी अच्छे होटल के कमरों में होती हैं।
हरिद्वार में हम खूब घूमे। दो बार गंगा स्नान किया। वहाँ के कई बड़े मंदिर भी देखे और मंसा देवी मंदिर तक ट्राॅली से गये। अगले दिन हम ऋषिकेश, मुनि की रेती, भारत माता मंदिर आदि स्थान देखने गये। वहाँ के लिए विशेष बसें चलती हैं, जो सारे स्थान घुमा देती हैं। उस दिन हमने लंच ‘चोटीवाला’ नामक प्रसिद्ध रेस्तरां में लिया था। उस रेस्तरां के बाहर गेट पर ही एक मोटा-ताजा पंडा केवल धोती बाँधकर बैठा रहता है और उसके एक लम्बी चोटी ऊपर की ओर निकली होती है। उसे देखकर हमें और बच्चों को बड़ा मजा आया।
अगले दिन हमें मसूरी जाना था। पहले हम एक ट्रेन के ए.सी. कोच में मुफ्त में बैठकर देहरादून गये। वहाँ एक कमरा हमारे लिए खाली था। उसमें सामान रखकर हम देहरादून के पास ही सहस्रधारा नामक स्थान पर गये, वहाँ नहाये और थोड़ा घूमे। एक रात हमने देहरादून में ही बितायी। अगले दिन हम मसूरी के लिए तैयार हुए। हमने अपना कुछ सामान देहरादून में ही रख दिया, क्योंकि लौटने की ट्रेन वहीं से पकड़नी थी। फिर टैक्सी करके मसूरी गये।
मसूरी में हमने कैमेल बैक रोड पर एक होटल लिया। होटल साफ-सुथरा था, परन्तु कमरे छोटे-छोटे ही थे। हमारे बजट में बड़ा कमरा लेने की गुंजायश नहीं थी। वैसे भी वहाँ हमें केवल दो रात सोना था। पहले दिन हम कैमेल बैक रोड पर घूमे। यह बहुत लहरदार सड़क है, जिस पर पैदल चलने में बहुत आनन्द आता है। यह लगभग 3-4 किमी लम्बी है और माल रोड के एक छोर से शुरू होकर दूसरी ओर माल रोड के दूसरे छोर पर निकलती है। वहाँ से हम बाजार में घूमे और रात का खाना खाया।
अगले दिन हमारा कार्यक्रम आसपास के स्थान देखने का था। मुख्य रूप से कैम्पटी फाॅल देखने की हमारी बहुत इच्छा थी। इसके लिए हमने टैक्सी बुक करा ली। टैक्सी वाले ने हमें सभी मुख्य स्थान दिखा दिये। हम कैम्पटी फाॅल में काफी देर तक नहाये। वहाँ झरने का पानी काफी ऊँचाई से मोटी धाराओं के रूप में गिरता है। उस धारा को अपनी पीठ पर गिराने में बड़ा अच्छा लगता है। मैंने काफी देर तक वह धारा अपनी पीठ पर डाली थी। इससे मुझे बहुत आराम मिला। उस दिन सुबह मैं अकेला ही पैदल गनहिल नामक पहाड़ी पर चढ़ गया था। शाम को सभी लोग वहाँ ट्रॉली से गये।
अगले दिन प्रातः ही हम एक टैक्सी में मसूरी से देहरादून आये और उसी दिन शाम को रेलगाड़ी में बैठकर अगले दिन कानपुर अपने घर पहुँच गये। हमारी यह यात्रा भी बहुत आनन्ददायक रही।
पुराने एजीएम साहब की विदाई
हमारे तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक श्री एस.एन.पी. सिंह बहुत ही सज्जन थे। वे मेरे ऊपर बहुत विश्वास करते थे और मेरी बात को जल्दी मान लेते थे। उनके ही समय में हमने लगभग 1 करोड़ के कम्प्यूटर खरीदे थे और सभी शाखाओं का कम्प्यूटरीकरण किया था। वह भी इस तरह कि किसी को कोई शिकायत नहीं हुई। वैसे छोटी-मोटी समस्यायें आती रहती थीं, जिनका समाधान ज्यादातर साॅफ्टवेयर कम्पनियाँ जैसे जेनिथ, नेक्स्ट स्टेप, वीरमती आदि अथवा हार्डवेयर कम्पनियाँ जैसे एच.सी.एल. और काॅम्पैक कर देती थीं। फिर भी कई बार हमें शाखाओं में जाना पड़ता था। यहाँ भी लोकल शाखाओं में प्रायः श्री के.सी. श्रीवास्तव चले जाते थे और बाहरी शाखाओं में मैं जाया करता था। कभी-कभी कु. तेजविन्दर कौर और श्रीमती रेणु सक्सेना को भी कानपुर की लोकल शाखाओं में भेजा जाता था।
नये मंडलीय कार्यालय में कार्य करते हुए हमें एक या डेढ़ वर्ष ही हुआ था कि हमारे स.म.प्र. महोदय श्री शिव नन्दन प्रसाद सिंह जी का स्थानांतरण हो गया। मुझे बहुत दुःख हुआ। वे बहुत ही हँसमुख और सज्जन थे। किसी को परेशानी नहीं होने देते थे और मंडल के सभी अधिकारी उनसे संतुष्ट थे। उनकी विदाई में लगभग सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। मैं उनकी विदाई के लिए एक कविता लिखकर ले गया था। समय कम था और विदाई करने वाले संगठन अनेक थे। इस कारण मुझे समय मिलना कठिन था, परन्तु मेरे बहुत आग्रह करने पर मुझे 2 मिनट का समय दे दिया गया और मैंने वह कविता सुनायी। यह सबको बहुत पसन्द आयी। उस गज़ल जैसी कविता को यहाँ दे रहा हूँ-
हमको अपने जीवन में कितने रहनुमां मिले।
लेकिन उनमें आप सभी से बिल्कुल जुदा मिले।
मिलने को तो यूँ भी रोज हजारों मिलते हैं,
किन्तु आपका मिलना जैसे अपना ही बड़ा मिले।
चुम्बक सा व्यक्तित्व आपका खींचा करता था,
जब भी जिससे जहाँ मिले मुस्काते सदा मिले।
पल में सुलझाते थे चाहे जैसी उलझन हो,
कांटों जैसे मार्ग भरे फूलों से सदा मिले।
विदा ले रहे आज आप, बस इतनी इच्छा है,
हाथ आपका सदा हमारे सिर पर रखा मिले।।
यह विदाई समारोह शास्त्री नगर के एक कम्यूनिटी हाल में हुआ था, जिसमें कई बार हमारे बैंक के कार्यक्रम हुआ करते थे। यह स्थान कौशलपुरी से थोड़ा आगे मरियमपुर अस्पताल के निकट है, इसलिए मैं प्रायः अपने घर से वहाँ सरलता से पैदल चला जाता था और लौट भी आता था।
-- डाॅ विजय कुमार सिंघल ‘अंजान’
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें