आत्मकथा भाग-2 अंश-33

अपने विवाह के समय मुझे अपनी सास की बहुत चिन्ता थी। मैं घबरा रहा था कि यदि विवाह के पहले, विवाह के दिन ही या उसके तुरन्त बाद मेरी सास को कुछ हो गया, तो मेरे ऊपर सदा के लिए कलंक लग जाएगा। परन्तु ईश्वर की ऐसी कृपा हुई कि हमारे विवाह के बाद ही उनकी हालत सुधरने लगी और एक माह में ही वे पूर्ण स्वस्थ होकर अपने घर आगरा आ गयीं। इसके बाद ईश्वर की ही कृपा से उनकी आर्थिक स्थिति भी धीरे-धीरे सुधरने लगी। श्रीमतीजी ने मुझे बाद में बताया था कि उनके परिवार वाले कहा करते थे कि उनके घर में कैसे दामाद का पैर पड़ा है कि सास मौत के मुँह से निकल आयी और घर की हालत भी सुधर गयी।
जिस दिन मेरा विवाह हुआ था, उस दिन मैंने पूर्ण उपवास रखा था, क्योंकि मैं नयी जिन्दगी शुरू कर रहा था। संयोग से उस दिन मेरी होने वाली श्रीमती जी ने भी अष्टमी का व्रत रखा हुआ था। रात्रि को जय माला के बाद उन्होंने मुझे अपने हाथ से कुछ खिलाकर मेरा उपवास तोड़ा था, हालांकि मेरी इच्छा नहीं थी।
फेरों के समय सभी लोग उनके घर के आँगन में एकत्र हुए थे। सनातनी और आर्यसमाजी मिली-जुली पद्धति से हमारा विवाह संस्कार सम्पन्न हुआ था। मैं उस समय श्रीमती जी के बिल्कुल पास बैठा था, परन्तु उनको छूने से बचना पड़ रहा था। वैसे मैं उनको तंग करने का कोई मौका तलाश रहा था।
ऐसा मौका मुझे बहुत देर बाद मिला। जब कन्यादान की रस्म हो रही थी, तो उनका हाथ मेरे हाथ पर रखा गया। उसी समय मौका जानकर मैंने नीचे से अपनी बीच की उँगली उनके हाथ पर मारी। श्रीमती जी तो समझ गयीं कि मैं शरारत कर रहा हूँ, पर और कोई व्यक्ति कुछ नहीं समझ पाया।
उसके बाद कुछ और छोटी-छोटी रस्में हुईं। उसके तत्काल बाद हम दुल्हन को विदा कराकर अपने घर अशोक नगर आ गये। वहाँ हम सभी भाई-बहिन और परिवार के कुछ लोग एक डबल-बैड पर रजाइयों में घुसे बैठे थे। उसी समय मेरे बहनोई श्री यतेन्द्र जी ने एक गीत सुनाया- ‘तुम बिल्कुल वैसी ही हो, जैसा मैंने सोचा था।’। यह गीत मेरी भावनाओं का सटीक प्रकटीकरण था। करीब एक घंटे बाद हम सब सो गये।
हमारा विवाह 6 दिसम्बर 1989 को हुआ था। हमारा प्रथम मिलन 9 दिसम्बर को होना तय किया गया था। इस रस्म को हमारे यहाँ ‘बूढ़ा बाबू’ कहा जाता है। दो दिन तक सामान्य रस्में होती रहीं। उस समय मेरी आर्थिक सामर्थ्य ऐसी नहीं थी कि मैं अपनी नवविवाहिता पत्नी को मधुयामिनी (हनीमून) हेतु बाहर घुमाने ले जाता। मेरे पास जो जमापूँजी थी, वह विवाह में खर्च हो चुकी थी। भाइयों से उधार मिल सकता था, परन्तु सास के अस्पताल में पड़े रहते हुए घूमने जाना हमारे लिए उचित न होता। इसलिए मेरे बड़े भाई श्री गोविन्द स्वरूप के तत्कालीन निवास स्थान 71, अशोक नगर, आगरा के एक साधारण कमरे में हमारी सुहागरात का प्रबंध किया गया। उसी घर में विवाह सम्पन्न हुआ था।
उस समय मेरे पास इतना भी धन नहीं बचा था कि अपनी नयी-नवेली दुल्हन को प्रथम रात्रि पर कोई भेंट दे सकता। परन्तु भेंट न देना भी अनुचित होता, इसलिए मैंने अपने बहनोई श्री यतेन्द्र जी से दो हजार रुपये उधार लिये और अपनी छोटी भाभी जी के साथ गिफ्ट खरीदने गया। हमारा विचार कोई सोने की चीज खरीदने का था, ताकि वह खर्च बेकार न जाये। वहाँ हमें झुमकों का एक जोड़ा पसन्द आ गया। उसकी कीमत केवल रु. 1400 थी। उसे लेकर हम घर आ गये। रात्रि को सुहागरात से पहले भाभी जी ने मुझे कुछ समझाया-बुझाया भी। दूध के गिलास भरकर रख दिये गये थे और पान भी मँगवा लिये थे। फूलों से पलंग की थोड़ी बहुत सजावट भी की गयी थी।
मेरा दिया हुआ झुमकों का जोड़ा श्रीमती जी को बहुत अच्छा लगा, जिससे मुझे सन्तोष हुआ। मैं सुहागरात के लिए एक छोटी सी कविता लिखकर ले गया था। मैंने धीमे-धीमे यह कविता उनको सुनायी, तो उन्हें बहुत पसन्द आयी। यह कविता बीच में मुझसे खो गयी थी, फिर अचानक मिल गयी। उसे यहाँ लिख रहा हूँ। शायद आपको भी पसन्द आये।
आयी बेला आज मिलन की।
मादकतम अधरों का अमृत, पीकर प्यास बुझे तन-मन की।
आयी बेला आज मिलन की।।
अंग-अंग जलता शोला सा, रोम-रोम में होती धड़कन।
भड़काती है काम हृदय में, संगिनि की मदमाती चितवन।।
डूब प्रिया की नयन झील में, शीतल होवे आग बदन की।
आयी बेला आज मिलन की।।
आज प्रियतमा की पूजा में, कर दें निज सर्वस्व समर्पण।
दो शरीर पर एक आत्मा, मिलकर दृढ़ होवे यह बन्धन।।
निकलें सब अरमान सेज पर, देरी सहन न होती क्षण की।
आयी बेला आज मिलन की।।
सुहागरात के अगले दिन हमें मम्मीजी को देखने दिल्ली जाना था। दिल्ली के लिए सुबह साढ़े 6 बजे राजामंडी स्टेशन से गाड़ी में बैठना था। इसलिए हम प्रातः 5 बजे ही उठ गये और तैयार होकर 6 बजे चल दिये। रास्ते में वीनूजी की छोटी बहिन गुड़िया को भी साथ में ले लिया। टिकट लेकर प्लेटफार्म पर पहुँचने के 2 मिनट बाद ही गाड़ी आ गयी। हम ठीक से दिल्ली में निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुँच गये और वहाँ से ऑटो में सफदरजंग अस्पताल भी। हमें अन्दर अस्पताल में जाने का पास बहुत मुश्किल से मिला। हम मम्मी जी से जाकर मिले। मेरे साले साहब आलोक कुमार (अन्नू) वहीं थे। मैंने मम्मीजी के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा- ‘मम्मी, तुम वीनू की चिन्ता बिल्कुल मत करो। अपनी चिन्ता करो और जल्दी ठीक होकर आओ।’ मेरे इन शब्दों से उन्हें बहुत सन्तोष मिला होगा।
दिल्ली में श्रीमती जी ने टिकट खरीदने, ऑटोरिक्शा तय करने और गेट पास बनवाने तक के सारे कार्य स्वयं किये थे। इससे मुझे उनकी व्यवहारकुशलता का परिचय पहली बार मिला। इतनी व्यवहारकुशल पत्नी पाकर मैं बहुत प्रसन्न था। दोपहर को मैंने अस्पताल की कैंटीन में ही कुछ खा लिया। श्रीमती जी ने कुछ नहीं खाया। दोपहर बाद हम चल दिये। ठीक समय पर गाड़ी कुतुब एक्सप्रैस, जिसका नाम अब महाकौशल हो गया है, निजामुद्दीन स्टेशन से पकड़कर हम आराम से आगरा पहुँच गये।
-- डाॅ विजय कुमार सिंघल ‘अंजान’

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आत्मकथा भाग-4 अंश-62 (अन्तिम)

आत्मकथा भाग-4 अंश-61

आत्मकथा भाग-4 अंश-21