आत्मकथा भाग-1 अंश-56

उस वर्ष असम आन्दोलन जोर-शोर से शुरू हो गया था। हमारी सहानुभूति स्वाभाविक रूप से आन्दोलनकारियों के साथ थी, क्योंकि वे किसी धर्म विशेष के व्यक्तियों के बजाय विदेशियों के खिलाफ थे। इस आन्दोलन के समर्थन और विरोध में छात्रों के अलग-अलग गुट बन गये थे। आन्दोलन के विरोधी गुट में एस.एफ.आई, ए.आई.एस.एफ तथा कुछ कांग्रेसी थे, तो दूसरे ग्रुप में बाकी सब शामिल थे जिनमें प्रमुख थे विद्यार्थी परिषद, युवा जनता, युवा लोकदल, समता युवजन सभा तथा कुछ चीन-परस्त नक्सलवादियों के संगठन।
यहाँ पर यह बता देना आवश्यक है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में चीन समर्थक छात्रों की एक बड़ी संख्या थी, जो एक ओर तो अमेरिका जैसे पश्चिमी राष्ट्रों के, तो दूसरी ओर रूस के भी कट्टर विरोधी थे। उनका आदर्श चीन और विशेषकर माओ था। एस.एफ.आई. का विरोध करने में वे सबसे आगे रहते थे, लेकिन चुनावों में कभी सफल नहीं हो पाते थे। उनके कई गुट थे जो विभिन्न नक्सलपंथी नेताओं में विश्वास रखते थे। लेकिन व्यक्तिगत रूप से वे बहुत अच्छे, विचारशील और सुसंस्कृत थे।
ऐसे कई छात्रों के साथ मेरा अच्छा परिचय और मैत्री थी। श्री एस. कृष्णा राव भी उन्हीं में से एक थे। असम आन्दोलन को उनका पूर्ण समर्थन था और इसकी सहानुभूति में चलाये गये छात्र आन्दोलनों में उन्हें विद्यार्थी परिषद के सहयोग पर भी कोई आपत्ति नहीं थी। कई बार हमने साथ-साथ जुलूस निकाले थे तथा सम्मेलन किये थे। एक बार तो हमने मशाल जुलूस निकाला था, जो कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के इतिहास में पहला मशाल जुलूस था, जो बाहर की बस्तियों में भी गया था। उसमें करीब 300-400 लोग शामिल थे और हम करीब 2 घंटे बाद ही वापस आ सके थे।
उन्हीं दिनों मैं पहली बार गिरफ्तार भी हुआ था। मामला यह था कि स्वामी अग्निवेश, जो असम के समर्थन में आन्दोलन का नेतृत्व कर रहे थे, ने एक बार अनशन किया था, जो करीब 15 दिन तक चला। 15 दिनों में वे बहुत कमजोर हो गये थे तथा देशभर में उनके बारे में चिन्ताएँ की जा रही थीं। तब असम आन्दोलन के नेताओं के आग्रह पर उन्होंने अनशन तोड़ना स्वीकार कर लिया था। इसी अवसर पर हमारी योजना बोट क्लब में प्रदर्शन करके स्वयं को गिरफ्तार कराने की थी। योजनानुसार स्वामी जी ने अनशन तोड़ा और फिर वहीं सड़क पर सभा की। सभा पूरी होने तक पुलिस ने कई बसें लाकर खड़ी कर दी थीं, जिनमें भर कर हम सबको संसद मार्ग स्थित थाने ले जाया गया। वहाँ हमें दो घंटे तक बैठाये रखा गया। इस बीच हमें चाय तक नहीं पिलायी गयी। अतः कुछ लड़के बाहर जाकर पूड़ी तथा साग खरीदकर लाये, जिन्हें सबने थोड़ा-थोड़ा खाकर भूख मिटायी। शाम को चार बजे हमें छुट्टी मिली तो हम वापस जे.एन.यू. आ गये। वह गिरफ्तारी मेरे लिए पिकनिक से ज्यादा नहीं थी। मुझे काफी आनन्द भी आया। वहाँ मैंने अपना सही नाम लिखाया था। लेकिन बाद में एक-दो लड़कों ने बताया कि ऐसी जगह सही नाम-पता नहीं बताया जाता। यह बात मैंने याद रखी।
उन दिनों रोज ही कोई न कोई जुलूस, सभा, सम्मेलन, प्रदर्शन आदि होता रहता था, जिनमें मैं भाग लेता था। इस सब कार्यों में मेरी पढ़ाई-लिखाई चलने का सवाल ही नहीं था और मेरा पाँचवाँ सेमिस्टर आ गया था। अब तक मेरे गले के टान्सिल पूरी तरह ठीक हो गये थे तथा योगासन आदि नियमित करने से मेरा स्वास्थ्य भी पहले से बेहतर था।
तभी एक दिन मुझे पता चला कि एम.फिल. की डिजर्टेशन लिखने के लिए ज्यादा से ज्यादा पाँच सेमिस्टर ही मिल सकते हैं, उसके बाद वे एम.फिल. की डिजर्टेशन स्वीकार नहीं करेंगे तथा मुझे सीधे पीएच.डी. करनी पड़ेगी। पीएच.डी. में कम से कम 5 साल लगते और मैं उतने समय तक इन्तजार करने को तैयार नहीं था। पाँचवाँ सेमिस्टर पूरा होने में केवल तीन महीने बाकी थे। अतः मेरे सामने केवल दो विकल्प थे। पहला तो यह कि मैं तीन महीने जमकर मेहनत करके डिजर्टेशन पूरी करके जमा कर दूँ तथा दूसरा यह था कि एम.फिल. करने का विचार छोड़कर मैं सीधे पीएच.डी. कर लूँ। मेरे कई मित्रों ने तीन महीने में डिजर्टेशन लिखकर जमा करना असंभव जानकर मुझे दूसरा विकल्प चुनने की ही राय दी, इनमें श्री हवा सिंह भी थे। लेकिन मैं स्वयं पहले विकल्प के पक्ष में था। अतः मैंने एक दिन रात भर सोचकर यह तय किया कि अब राजनैतिक गतिविधियों को कम करके पूरा ध्यान डिजर्टेशन लिखने पर लगाऊँगा।
यह मेरे स्वभाव की एक विशेषता रही है, उसे आप अवगुण भी कह सकते हैं, कि मैं जिस काम में लग जाता हूँ, उसमें स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर देता हूँ। कोई काम अधूरे मन से करना मुझे पसन्द नहीं। इसमें मेरे मूड का भी हाथ रहता है। यदि मेरा मूड ठीक होता है, तो मैं लगातार कई घंटे तक बिना थके कार्य कर सकता हूँ और यदि मूड नहीं होता, तो एक मिनट भी नहीं कर पाता। मूड ठीक न होने पर या थक जाने पर मैं कोई पत्रिका या उपन्यास लेकर पढ़ने के लिए लेट जाता हूँ, चाहे वह किताब मैंने पहले पढ़ी हुई हो। लेटकर पढ़ने से मेरी आंखों पर खराब असर तो पड़ता है, लेकिन थकावट पूरी तरह मिट जाती है और मेरा दिमाग भी तरोताजा हो जाता है। इससे मेरा मूड ठीक हो जाता है और मैं फिर काम शुरू कर सकता हूँ।
यही तरीका अपनाते हुए मैंने एम.फिल. की डिजर्टेशन लिखना शुरू किया। प्रातः नहा-धोकर और जलपान करके मैं अपने कमरे में ही लिखने बैठ जाता था, जो दोपहर के खाने का समय होने तक चलता था। खाना खाने के बाद मैं लेटकर पत्रिकाएँ पढ़ते हुए कुछ आराम करता था। फिर तीसरे पहर मैं अपने सेंटर के कम्प्यूटर पर काम करने जाता था। वहाँ से मैं शाम को 6-7 बजे लौटता था तथा एक कप चाय पीकर होस्टल के बाहर लान में बैठकर आराम करता था। रात को खाना खाने के बाद मैं पुनः लिखना शुरू कर देता था, जो लगभग 10 बजे तक चलता रहता था।
उन दिनों का मेरा दैनिक क्रम यही था। मेरी राजनैतिक गतिविधियाँ प्रायः बन्द थीं, लेकिन अति आवश्यक होने पर मैं लिखना स्थगित करके राजनैतिक गतिविधियों में भी शामिल हो जाता था। परन्तु मैं इस बात का ध्यान रखता था कि डिजर्टेशन की प्रगति ठीक रहे, ताकि काम समय पर पूरा हो जाये। किसी विद्वान् ने कहा है कि हजारों मील की यात्रा पहले कदम के साथ शुरू हो जाती है। इस कथन की सत्यता का अनुभव मैंने अपने जीवन में पहली बार किया। देखते-देखते मेरी डिजर्टेशन के अध्याय पर अध्याय पूरे होते चले गये। बीच-बीच में काफी मुश्किलें भी आयीं और मुझे कई किताबें चाटनी पड़ीं। कई अध्याय के अध्याय लिखकर काटने पड़े। लेकिन अन्त में दो महीने के अन्दर ही मेरी डिजर्टेशन पूरी हो गयी।
मेरे इस कार्य से मेरे गाइड डा. सदानन्द को तो आश्चर्य हुआ ही, मेरे दोस्तों जैसे सर्वश्री रामनरेश सिंह, हवा सिंह, वी.एस.पी. श्रीवास्तव आदि को भी भारी आश्चर्य हुआ। ये अब तक यही मानते थे कि मैं पढ़ने में चाहे कितना ही तेज रहूँ, लेकिन ऐसी मेहनत का काम करना मेरे लिए असंभव ही है और यह कि मैं राजनीति के सिवा कुछ नहीं कर सकता। लेकिन कहावत है कि ईश्वर उनकी ही सहायता करता है जो अपनी सहायता आप करते हैं। इन दिनों भारी मेहनत से मेरे स्वास्थ्य पर थोड़ा असर तो पड़ा था, लेकिन कुल मिलाकर मैं काफी चुस्त था। योगासनों ने इसमें भारी मदद की थी।
-- डा विजय कुमार सिंघल ‘अंजान’

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आत्मकथा भाग-4 अंश-62 (अन्तिम)

आत्मकथा भाग-4 अंश-61

आत्मकथा भाग-4 अंश-21